आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। शाहगंज थाना क्षेत्र के परासिन गांव में रविवार को एक बेहद मार्मिक घटना सामने आई, जहां कुछ ही घंटों के अंतराल में एक ही परिवार के दो बुजुर्गों की मौत हो गई। पहले एक वृद्ध की गहरे गड्ढे में गिरने से जान चली गई, जबकि उनकी मौत की खबर सुनकर बीमार चचेरे भाई ने भी सदमे में दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार परासिन गांव निवासी 70 वर्षीय राम नारायण प्रजापति अपने 85 वर्षीय बीमार चचेरे बड़े भाई राम दवर का हालचाल जानने रविवार को उनके घर गए थे। शाम करीब छह बजे वह उनसे मुलाकात कर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के पास स्थित एक गहरे गड्ढे के समीप उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सिर के बल उसमें जा गिरे।
बताया जा रहा है कि गड्ढे में दलदली मिट्टी और पानी भरा हुआ था। वृद्ध उसमें फंस गए और बाहर नहीं निकल सके, जिससे दम घुटने के कारण उनकी मौत हो गई। देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद राम नारायण का शव गड्ढे में मिला।
सूचना मिलने पर शाहगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, देर रात जब राम नारायण की मौत की सूचना उनके बीमार चचेरे भाई राम दवर को मिली तो उन्हें गहरा सदमा लगा। परिजनों के मुताबिक, खबर सुनते ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें हृदयाघात जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा। परिवार के लोग उन्हें उपचार दिला पाते, उससे पहले ही उन्होंने भी अंतिम सांस ले ली।
एक ही परिवार में कुछ घंटों के भीतर दो बुजुर्गों की मौत से परासिन गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने प्रशासन से ऐसे खतरनाक गड्ढों को भरवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
