देवल संवाददाता, आजमगढ़। समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक शनिवार को पार्टी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष हवलदार यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक के मुख्य अतिथि धर्मेंद्र यादव रहे। इस दौरान वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक रणनीति और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की गई। सांसद धर्मेंद्र यादव ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संविधान, लोकतंत्र, आरक्षण, महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और आर्थिक मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाने की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश सरकार विभिन्न मोर्चों पर विफल रही है तथा प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। समाजवादी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की भागीदारी को मजबूत करने का कार्य करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क अभियान तेज करने और पार्टी की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक को डॉ. संग्राम यादव, अखिलेश यादव, कमलकांत राजभर, पूजा सरोज, विजय यादव, नंदकिशोर यादव, राम आसरे विश्वकर्मा, श्याम बहादुर सिंह यादव तथा डॉ. रामदुलार राजभर ने भी संबोधित किया। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में पूर्व एमएलसी कमला प्रसाद यादव, राकेश यादव ‘गुड्डू’, जयराम सिंह पटेल, डॉ. हरिराम सिंह यादव, हरिश्चंद्र यादव, शोभनाथ यादव, वसीमुद्दीन शेख, अशोक यादव, डॉ. धनराज यादव, विवेक सिंह, सुषमा चौहान आदि उपस्थित थे।
