देवल संवाददाता, मऊ। जिला सूचना कार्यालय,जनपद मऊ में कार्यरत प्रशासनिक अधिकारी मीना सिंह के सेवानिवृत्त होने के अवसर पर कार्यालय परिसर में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके दीर्घकालीन, समर्पित एवं उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी धनपाल सिंह ने कहा कि मीना सिंह वर्ष 1998 से सूचना विभाग में कार्यरत रहीं और अपने लगभग 28 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता के साथ विभागीय दायित्वों का निर्वहन किया। उनका अनुशासन, कार्यकुशलता एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार सदैव सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। जिला सूचना अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि सेवानिवृत्ति के उपरांत भी यदि विभाग से संबंधित किसी प्रकार की आवश्यकता हो अथवा किसी भी प्रकार की समस्या या सहयोग की जरूरत हो,तो वे बिना किसी संकोच के अवगत कराएं। विभाग हरसंभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगा। समारोह के दौरान मीना सिंह को शॉल,स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ,भगवतगीता,रामायण आदि भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके उत्तम स्वास्थ्य,सुखद,समृद्ध एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।इस दौरान सिनेमा ऑपरेटर कम प्रचार सहायक रमाकांत चौहान,कम्प्यूटर ऑपरेट अमरजीत कुमार,डाटा सहायक संदीप सिंह, अर्जुन कुमार,महेंद्र प्रताप सिंह, अविनाश शर्मा सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।
.jpeg)