देवल संवाददाता, मऊ। प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में पोषण अभियान के अंतर्गत जिला पोषण समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित पोषण संबंधी कार्यक्रमों, सक्षम अभियान 6.0 तथा आंगनबाड़ी केंद्रों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी रंजीत कुमार ने सक्षम अभियान 6.0 के पाँच प्रमुख घटकों—सामुदायिक जन-जागरूकता एवं सहभागिता,कुपोषण की शीघ्र एवं समयबद्ध पहचान,आवश्यक सेवाओं से लाभार्थियों को जोड़ना, नियमित अनुवर्ती अनुश्रवण तथा आवश्यकतानुसार संदर्भन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सक्षम अभियान 6.0 की थीम "गर्भावस्था से बाल्यावस्था तक पोषण सुरक्षा" है,जिसके अंतर्गत जीवन-चक्र आधारित दृष्टिकोण अपनाते हुए गर्भवती एवं धात्री महिलाओं,नवजात शिशुओं तथा बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य में सुधार के लिए समन्वित प्रयास किए जाएंगे। साथ ही गंभीर एवं मध्यम कुपोषण की रोकथाम और प्रभावी प्रबंधन पर विशेष बल दिया जाएगा।मुख्य विकास अधिकारी ने सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को निर्देशित किया कि कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों को सामान्य श्रेणी में लाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं तथा इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी चिन्हित बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर उनका ई-कवच पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए गए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अनावश्यक विलंब की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।अधिशासी अभियंता जल निगम को निर्देशित किया गया कि जिन आंगनबाड़ी केंद्रों पर अभी तक पेयजल की व्यवस्था उपलब्ध नहीं हो सकी है,वहां प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए।मुख्य विकास अधिकारी ने बाल विकास परियोजना अधिकारी,दोहरीघाट द्वारा विभिन्न कार्यों में बरती गई लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि कार्यों में सुधार नहीं हुआ तो निरीक्षण के दौरान विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों के अपूर्ण कार्यों को 15 दिनों के भीतर पूर्ण कर स्पष्ट आख्या उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में डीसी मनरेगा राजीव कुमार,अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.के. यादव,जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सुशील कुमार,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष उपाध्याय,जिला पंचायत राज अधिकारी कुमार अमरेंद्र,जिला पूर्ति अधिकारी राघवेंद्र सिंह,सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
