देवल संवाददाता, मऊ। जनपद में अग्रणी बैंक यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया द्वारा किसानों को मृदा संरक्षण,प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा कृषि संबंधी बैंकिंग सुविधाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से "खेत बचाओ अभियान" के अंतर्गत तीन अलग-अलग विकासखंडों में बृहद कृषक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया।विकासखंड बड़गांव में आयोजित शिविर में यूनियन बैंक के क्षेत्र प्रमुख शिवकुमार शुक्ला ने अन्य बैंक अधिकारियों के साथ प्रतिभाग किया। उन्होंने उपस्थित किसानों को मृदा संरक्षण एवं खेतों की उर्वरा शक्ति बनाए रखने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही कृषि क्षेत्र से संबंधित विभिन्न ऋण योजनाओं,किसान हितैषी बैंकिंग सेवाओं एवं सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए किसानों से अधिक से अधिक संख्या में बैंक से जुड़कर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।इसी क्रम में विकासखंड रानीपुर के रणवीरपुर ग्राम में आयोजित शिविर में अग्रणी जिला प्रबंधक पवन कुमार मिश्रा ने किसानों को संबोधित करते हुए कृषि ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड,आधुनिक कृषि तकनीकों के वित्तपोषण तथा बैंक की विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक खेती अपनाने एवं मृदा संरक्षण के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
तीसरा शिविर विकासखंड अहमदाबाद में आयोजित किया गया,जिसमें यूनियन बैंक की स्थानीय शाखा के प्रबंधक एवं बैंक अधिकारियों ने किसानों को खेत बचाओ अभियान के उद्देश्य,मृदा संरक्षण के महत्व तथा कृषि विकास से जुड़ी विभिन्न बैंकिंग योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।अग्रणी बैंक द्वारा संचालित इस विशेष अभियान के अंतर्गत माह भर जिले के विभिन्न विकासखंडों में कृषक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को खेत बचाओ अभियान के उद्देश्यों,मृदा संरक्षण,सतत कृषि पद्धतियों तथा कृषि क्षेत्र की विभिन्न लाभकारी बैंकिंग योजनाओं से अवगत कराया गया। बैंक अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे,ताकि अधिक से अधिक किसान आधुनिक कृषि एवं बैंकिंग सेवाओं का लाभ प्राप्त कर अपनी आय में वृद्धि कर सकें।
