देवल संवाददाता, मऊ।केंद्र सरकार के सफलतापूर्वक 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद के प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह द्वारा विकासखंड बड़राव के ग्राम पंचायत उसरी खुर्द में आयोजित जन कल्याण चौपाल एवं रात्रि विश्राम कार्यक्रम में प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जन कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉलों का अवलोकन करते हुए प्रभारी मंत्री ने विभागीय अधिकारियों से संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा निर्देशित किया कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्तियों तक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।चौपाल में बाल विकास एवं पुष्टाहार,समाज कल्याण,पंचायती राज,ग्राम्य विकास,कृषि,राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन,स्वास्थ्य,खाद्य एवं रसद,राजस्व,पशुपालन सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। प्रभारी मंत्री ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा लाभार्थियों से संवाद स्थापित कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की।कार्यक्रम के दौरान बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन कार्यक्रम प्रभारी मंत्री की उपस्थिति में संपन्न कराया गया। साथ ही गर्भवती महिलाओं के पोषण स्तर को बेहतर बनाने हेतु तैयार की गई नवीन पोषण रेसिपी का भी शुभारंभ किया गया।अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वंचित,शोषित,गरीब एवं पिछड़े वर्गों तक पहुंच रहा है,जिससे उनके जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आया है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए उनका अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।जन कल्याण चौपाल के दौरान प्रभारी मंत्री द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबी,स्वयं सहायता समूह की उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र,आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को आयुष्मान गोल्डन कार्ड,प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पात्र किसानों को प्रमाण पत्र, अंत्योदय राशन कार्ड लाभार्थियों को कार्ड तथा मनरेगा के उत्कृष्ट श्रमिकों को प्रशस्ति पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया।प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन पूर्ण पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।इस अवसर पर भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री सुनील कुमार गुप्ता,जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य,मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव सहित जनप्रतिनिधिगण,संबंधित विभागों के अधिकारी,कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री ने जन कल्याण चौपाल में किया जनसंवाद, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को किया सम्मानित एवं प्रमाण पत्र किया वितरित
जून 16, 2026
0
Tags
