देवल संवाददाता, मऊ। कैंप कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में जिला अनुश्रवण समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान साक्षरता हेतु chinhankan एवं नामांकन की समीक्षा में नगर क्षेत्र की स्थिति सबसे कमजोर पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नामांकन में सुधार हेतु प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए तथा अपेक्षित प्रगति न होने पर संबंधितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।विद्यालयों में किचन गार्डन एवं पोषण वाटिका की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में अनिवार्य रूप से किचन गार्डन एवं पोषण वाटिका विकसित की जाए। उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में अभी तक पोषण वाटिका का निर्माण नहीं हुआ है,वहां तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। नगर क्षेत्र के 9 विद्यालयों में पोषण वाटिका न बनाए जाने पर उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए शीघ्र निर्माण के निर्देश दिए।विद्यालय निरीक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं को वितरित ड्रेस,जूते एवं अन्य सुविधाओं की नियमित जांच करने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन एवं अभिभावकों के समन्वय से यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी बच्चे निर्धारित ड्रेस एवं जूतों के साथ विद्यालय आएं।
उन्होंने ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर उन्हें पुनः विद्यालय से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही अभिभावकों को जागरूक करने हेतु व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम संचालित करने तथा नामांकन वृद्धि में सभी अधिकारियों एवं शिक्षकों को व्यक्तिगत रुचि लेकर कार्य करने को कहा। उन्होंने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।एआरपी के चयन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने नवीन शासनादेश के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता के साथ चयन प्रक्रिया संपन्न कराने के निर्देश दिए।आरटीई के अंतर्गत नामांकन की समीक्षा में यह तथ्य सामने आने पर कि कुछ निजी विद्यालय नामांकन प्रक्रिया में अपेक्षित रुचि नहीं ले रहे हैं,जिलाधिकारी ने ऐसे विद्यालयों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने निजी विद्यालयों में संचालित समस्त कक्षाओं का अद्यतन विवरण उपलब्ध करने तथा निर्धारित दुकानों से पुस्तकों की खरीद संबंधी मामलों की रैंडम जांच कराने के भी निर्देश दिए।विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जिन विद्यालयों के ऊपर से हाईटेंशन विद्युत लाइनें गुजर रही हैं और अभी तक नहीं हटाई गई हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हटाने की कार्रवाई की जाए। इस संबंध में उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही भूमि विवाद की स्थिति वाले विद्यालयों के मामलों में समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।नवीन नामांकन की समीक्षा में विकासखंड बड़राव एवं रतनपुरा क्षेत्र की स्थिति संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को शिक्षकों के कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए नामांकन बढ़ाने हेतु विशेष कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने लापरवाह शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई तथा अपेक्षित सुधार न होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के साप्ताहिक निरीक्षण की समीक्षा के दौरान कुछ खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा निरीक्षण कार्य समय से पूर्ण न किए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की तथा सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को नियमित रूप से साप्ताहिक निरीक्षण निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए।बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारी एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव, जिला विद्यालय निरीक्षक,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार सहित समस्त खंड शिक्षा अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
