कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून 2026) के उपलक्ष्य में जनपद में 15 जून से 21 जून 2026 तक योग सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। योग सप्ताह के द्वितीय दिवस मंगलवार को अम्बेडकर पार्क, अकबरपुर में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, अम्बेडकरनगर डॉ. रणजीत कुमार के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। योगाचार्य अशोक कुमार वर्मा एवं सुनीता वर्मा द्वारा उपस्थित प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम में आयुष विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर डॉ. रणजीत कुमार (क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी), भोलेन्द्र विक्रम शाही (जिला कार्यक्रम प्रबंधक), डॉ. कृष्ण गोपाल (चिकित्साधिकारी), डॉ. शुभ्रांशु श्रीवास्तव (चिकित्साधिकारी) सहित श्री प्रदीप कुमार मिश्र, दिवाकर चौधरी, स्वामी नारायण, चन्द्रशेखर यादव, ठाकुरदीन एवं इन्द्रजीत वर्मा उपस्थित रहे।
योगाभ्यास कार्यक्रम में पार्क में उपस्थित नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर डॉ. रणजीत कुमार ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में अनियमित जीवनशैली, तनाव एवं असंतुलित खानपान के कारण विभिन्न प्रकार की बीमारियाँ तेजी से बढ़ रही हैं। योग न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा भी देता है।
उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से बढ़ती आयु के प्रभावों को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है तथा व्यक्ति स्वयं और अपने परिवार को निरोग एवं स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने जनपदवासियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों में अधिकाधिक सहभागिता करने का आह्वान किया। योग सप्ताह के अंतर्गत आगामी दिनों में भी जनपद के विभिन्न स्थलों पर योगाभ्यास, जनजागरूकता कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य संवर्धन संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
