आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। केराकत तहसील क्षेत्र में प्रशासन ने सरकारी बंजर भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया। न्यायालय द्वारा जारी बेदखली आदेश के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई, जिससे क्षेत्र के अतिक्रमणकारियों और भूमि माफियाओं में हड़कंप मच गया।
उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सुनील कुमार के नेतृत्व एवं निगरानी में राजस्व विभाग तथा पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन ने सरकारी बंजर भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर से हटाते हुए भूमि को कब्जा मुक्त कराया।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, वहीं सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों को कड़ा संदेश भी मिला है।
