देवल संवाददाता, जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के इजरी गांव के समीप स्थित एक ढाबे के पास मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रेलर चालक की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने चालक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सोनू यादव (35 वर्ष) पुत्र मनीष कुमार यादव, निवासी भादुवा गुलामपुर, थाना पीलुवा, जनपद एटा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोनू यादव ट्रेलर लेकर क्षेत्र स्थित एक ढाबे पर पहुंचे थे। वाहन खड़ा करने के बाद वह लघुशंका के लिए सड़क किनारे जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से गुजर रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मारते हुए कुचल दिया।
हादसा इतना भीषण था कि सोनू यादव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा हादसे की जानकारी मृतक के वाहन स्वामी और परिजनों को दे दी।
पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन की पहचान की जा सके। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
.jpeg)