आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। समाजवादी पार्टी ने विभिन्न सरकारी भर्तियों में आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के अधिकारों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी पदाधिकारियों ने दावा किया कि कई प्रमुख भर्तियों में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज के लिए आरक्षित हजारों पदों का नुकसान हुआ है, जिससे युवाओं के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि 69 हजार शिक्षक भर्ती, लेखपाल भर्ती, ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती, कृषि प्राविधिक सहायक भर्ती, प्रवर्तन कांस्टेबल भर्ती, पशु चिकित्सक भर्ती सहित अनेक चयन प्रक्रियाओं में आरक्षित वर्ग के पदों के साथ न्याय नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न भर्तियों में कुल हजारों आरक्षित सीटों की अनदेखी की गई है, जो सामाजिक न्याय और संवैधानिक व्यवस्था के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि 69 हजार शिक्षक भर्ती में 7933 से अधिक, लेखपाल भर्ती में 960, कृषि प्राविधिक सहायक भर्ती में 434 और 588, ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती में 232, कनिष्ठ सहायक भर्ती में 300 सहित अन्य भर्तियों में आरक्षित वर्ग के पदों का नुकसान हुआ है। पार्टी का आरोप है कि इससे पीडीए समाज के युवाओं को रोजगार के अवसरों से वंचित होना पड़ा।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह मामला केवल रोजगार का नहीं बल्कि संविधान और आरक्षण व्यवस्था की रक्षा से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाएगी तथा पीडीए समाज के युवाओं, बेटियों और बहुओं को इसके प्रति जागरूक करेगी।
इस दौरान पार्टी नेताओं ने प्रदेश में बढ़ती महंगाई, पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में वृद्धि, पेपर लीक की घटनाओं, विद्युत कटौती, बिगड़ती कानून व्यवस्था तथा कथित फर्जी एनकाउंटर जैसे मुद्दों को भी उठाया। इन सभी विषयों को लेकर समाजवादी पार्टी ने आगामी 5 जून को जिला मुख्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
पार्टी नेताओं ने कहा कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच व्यापक अभियान चलाया जाएगा और सरकार से जवाबदेही की मांग की जाएगी।
बैठक में पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव 'ललई', विधायक लकी यादव, विधायक पंकज पटेल, पूर्व विधायक लालबहादुर यादव, श्रद्धा यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राजबहादुर यादव, पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री संगीता यादव, जिला महासचिव आरिफ हबीब, वरिष्ठ नेता दीपचंद राम, जिला उपाध्यक्ष हीरालाल विश्वकर्मा, गामा सोनकर, प्रेमशंकर यादव, दीपक विश्वकर्मा, मनोज कुमार मौर्य, गुड्डू सोनकर, ऋषि यादव, रविन्द्र मौर्य, अनिल यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
