आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर, 03 जून। जनपद में 3 एवं 4 जून को आयोजित होने वाली प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा के दौरान सुरक्षा, निगरानी और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।
जिले के कुल 20 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। सभी केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया है। परीक्षा की प्रत्येक गतिविधि पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। इसके लिए कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जहां से सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी।
परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था भी की गई है, जिससे परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिला प्रशासन का दावा है कि आधुनिक तकनीकी संसाधनों, कड़ी निगरानी व्यवस्था और सुरक्षा के व्यापक इंतजामों के साथ टीजीटी परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी माहौल में संपन्न कराया जाएगा। 3 और 4 जून को आयोजित होगी टीजीटी परीक्षा
जिले के 20 परीक्षा केंद्रों पर होगा आयोजन
सभी केंद्र CCTV निगरानी में रहेंगे
कंट्रोल रूम से होगी लाइव मॉनिटरिंग
स्टेटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती
पुलिस बल के साथ सुरक्षा के विशेष इंतजाम
गर्मी को देखते हुए बिजली व पेयजल की व्यवस्था
नकलविहीन परीक्षा के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क और तैयार।
