आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। मड़ियाहूं तहसील में तैनात एक लेखपाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से प्रशासनिक महकमे में शोक और सनसनी का माहौल है। मृतक की पहचान दारा सिंह चौहान के रूप में हुई है, जो तहसील क्षेत्र में लेखपाल के पद पर कार्यरत थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को अपने हल्का क्षेत्र से लौटने के बाद दारा सिंह चौहान ने साथियों से तबीयत ठीक न होने की बात कही थी। इसके बाद वह अपने किराए के कमरे में आराम करने चले गए। बुधवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर न निकलने और कई बार आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर साथियों को अनहोनी की आशंका हुई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे के भीतर लेखपाल का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही तहसील प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना की सूचना मिलने पर वाराणसी से मृतक के परिजन भी मड़ियाहूं पहुंच गए।
फिलहाल लेखपाल की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।
इस आकस्मिक घटना से तहसील कर्मियों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई है।
.jpeg)