आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के सिहीपुर के पास सीएनजी गैस से भरे कंटेनर और पेंट लदे ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दुर्घटना के बाद सीएनजी कंटेनर से गैस रिसाव की सूचना फैलते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब चार बजे हुए इस हादसे में पेंट से लदा ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक का चालक केबिन में फंस गया और बाहर निकलने में असमर्थ रहा। दूसरी ओर सीएनजी कंटेनर का चालक सुरक्षित बच निकला, लेकिन गैस रिसाव की आशंका ने लोगों की चिंता बढ़ा दी।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद ट्रक के क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
गैस रिसाव की स्थिति को देखते हुए संबंधित कंपनी की तकनीकी टीम से संपर्क किया गया। विशेषज्ञों ने मौके पर पहुंचकर कंटेनर से हो रहे रिसाव को पूरी तरह नियंत्रित कर दिया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित घेरा बनाकर नियंत्रित रखा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद कुछ देर के लिए आसपास के गांवों और हाईवे पर दहशत का माहौल बन गया था। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
बचाव अभियान के दौरान अग्निशमन विभाग के अधिकारियों एवं जवानों ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रण में रखा। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के चलते कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया।
