देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास प्लस सर्वेक्षण-2024 की पात्रता सूची को जनपद की ग्राम पंचायतों में जन चौपाल लगाकर सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य योजना के लिए पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों का निष्पक्ष, पारदर्शी और जनसहभागिता आधारित चयन सुनिश्चित करना है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर चल रही इस प्रक्रिया के तहत ग्रामीणों के समक्ष पात्रता सूची प्रस्तुत की जा रही है, ताकि प्रत्येक व्यक्ति सूची का अवलोकन कर सके। यदि किसी नाम को लेकर तथ्यात्मक आपत्ति या शिकायत हो तो ग्रामीण मौके पर ही अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन द्वारा प्राप्त सभी आपत्तियों की नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जन चौपाल की पूरी प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही के साथ संपन्न कराई जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक ग्रामीण को अपनी बात रखने और आपत्ति दर्ज कराने का पूरा अवसर मिले। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का लाभ केवल वास्तविक और पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने गांव में आयोजित जन चौपाल में सक्रिय रूप से भाग लें और यदि पात्रता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि या आपत्ति हो तो उसे समय रहते दर्ज कराएं, ताकि जांच के बाद पात्र परिवारों को योजना का लाभसुनिश्चित किया जा सके। प्रशासन का मानना है कि यह पहल न केवल आवास
योजना के क्रियान्वयन को अधिक पारदर्शी बनाएगी, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व और ग्रामीणों की भागीदारी को भी मजबूत करेगी।
.jpg)