देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पहल के तहत जनपद सोनभद्र में 1 जुलाई से 15 अगस्त तक सभी तहसीलों में रोवर तकनीक के माध्यम से विशेष भूमि पैमाइश अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य आधुनिक तकनीक के जरिए भूमि की सटीक पैमाइश कर राजस्व अभिलेखों को और अधिक पारदर्शी एवं विवादरहित बनाना है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि अभियान के दौरान जनपद की प्रत्येक तहसील में रोवर उपकरण उपलब्ध रहेगा। इस अत्याधुनिक तकनीक से कम समय में भूमि की वास्तविक स्थिति का सटीक निर्धारण किया जा सकेगा। इससे सीमांकन संबंधी विवादों, अनावश्यक मुकदमेबाजी तथा पारंपरिक पैमाइश में होने वाली त्रुटियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा। उन्होंने कहा कि धारा-24 के अंतर्गत संचालित इस विशेष अभियान से भूमि स्वामियों को अपनी जमीन की सही पैमाइश कराने का बेहतर अवसर मिलेगा। इससे राजस्व अभिलेखों की शुद्धता बढ़ेगी और भूमि संबंधी विवादों का समाधान भी आसान होगा। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि जिनकी भूमि की पैमाइश लंबित है, वे 1 जुलाई से 15 अगस्त के बीच संबंधित तहसील में संपर्क कर रोवर तकनीक के
माध्यम से अपनी भूमि की पैमाइश अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में किसी प्रकार के विवाद से बचा जा सके तथा सही रिकॉर्ड के आधार पर उनके अधिकार सुरक्षित रह सकें।
.jpg)