देवल संवाददाता, मऊ।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में आज जिलाधिकारी श्री आनंद वर्द्धन द्वारा ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का आंतरिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था,अभिलेखों के रखरखाव एवं निर्धारित मानकों के अनुपालन का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की सतत एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस में तैनात सुरक्षा कर्मियों को अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं सतर्कता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वेयरहाउस की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने वेयरहाउस परिसर एवं उसके अंदर नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के भी निर्देश दिए,जिससे मशीनों का सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे समय-समय पर वेयरहाउस की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते रहें तथा आवश्यक अभिलेखों का अद्यतन संधारण सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाना प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को पारदर्शी, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष बल दिया। निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की समस्त व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी निरीक्षण प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
निरीक्षण के दौरान बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी,अतिरिक उप जिलाधिकारी,भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री सचिंद्र सिंह,आम आदमी पार्टी के जिला कोषाध्यक्ष अवधेश मौर्या,कांग्रेस पार्टी के जिला महासचिव हफीजुर्रहमान अंसारी,अपना दल पार्टी के जिला महासचिव अरशद अंसारी सहित अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
