इनोसेंट काइया के शतक के दम पर जिम्बाब्वे ने बांग्लादेश को हराकर इतिहास रच दिया है। जिम्बाब्वे ने अपने टेस्ट क्रिकेट के इतिहास की सबसे बड़ी जीत हासिल कर ली है। हरारे में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में बांग्लादेश की बल्लेबाजी बुरी तरह से फ्लॉप रही। इसके बाद बांग्लादेश को हार का सामना करना पड़ा। जिम्बाब्वे ने मुकाबले को पारी से अपने नाम किया है।
मैच में मेजबान जिम्बाब्वे के लिए सलामी बल्लेबाज इनोसेंट काइया ने शानदार बल्लेबाजी की और शतक लगाया। उनकी पारी का ही नतीजा था कि मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 410 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया था। इसके बाद उन्होंने जिम्बाब्वे को पारी से हरा दिया। काइया ने मैच में 140 रनों की पारी खेली और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
जिम्बाब्वे ने खड़ा किया विशाल स्कोर
मैच में जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में ही 410 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया था। सलामी बल्लेबाज इनोसेंट काइया ने कमाल की बैटिंग की और शतक लगाया। उन्होंने 227 गेंदों पर 140 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 17 चौके निकले। उनके अलावा वेस्ले मधवेरे दूसरे सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहे, जिन्होंने नाबाद 77 रन बनाए। ब्रायन बेनेट (59) और क्रैग इरविन (60) ने भी अर्धशतक लगाया। बांग्लादेश के लिए अनुभवी स्पिनर तैजुल इस्लाम ने कमाल की गेंदबाजी की और 7 विकेट हासिल किए। इसके बावजूद जिम्बाब्वे ने 410 रनों का स्कोर खड़ कर दिया।
बांग्लादेश की फ्लॉप हुई बल्लेबाजी
जिम्बाब्वे के 410 रनों के जवाब में बांग्लादेश की बल्लेबाजी बुरी तरह फ्लॉप हो गई। पहली पारी में मेहमान टीम मात्र 140 रनों पर सिमट गई। बांग्लादेश के लिए केवल मोमिनुल हक ऐसे बल्लेबाज रहे, जो क्रीज पर थोड़ी टिक सके। उन्होंने 81 गेंदों पर 60 रन बनाए। न्यूमैन न्याम्हुरी ने कमाल की गेंदबाजी की और 4 विकेट हासिल किए। रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुजरबानी और ब्रैड इवांस को 2-2 सफलता मिली।
जिम्बाब्वे ने दिया था फॉलोऑन
बांग्लादेश को पहली पारी में 140 रनों पर समेटने के बाद जिम्बाब्वे ने मेहमानों को फॉलोऑन देने का फैसला किया। दूसरी पारी में भी बांग्लादेशी टीम कोई कमाल नहीं दिखा सकी और 185 रनों पर सिमट गई। मेजबान टीम के लिए ब्लेसिंग मुजरबानी ने 4 विकेट लिए। इसी के साथ जिम्बाब्वे ने मैच को पारी और 85 रनों से अपने नाम कर लिया।
जिम्बाब्वे ने जीत के साथ रचा इतिहास
जिम्बाब्वे ने मुकाबले में पारी और 85 रनों से जीत हासिल की है। जिम्बाब्वे की ये उनके टेस्ट क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले उन्होंने अफगानिस्तान को पारी 73 रनों से हराया था।
