कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर । महमाया राजकीय मेडिकल कॉलेज के अस्थि रोग विभाग में मंगलवार को हड्डियों की घनत्व जांच (बीएमडी) शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 250 मरीजों ने लाभ उठाया।कैंप का आयोजन महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव के मार्गदर्शन एवं अस्थि रोग विभागाध्यक्ष डॉ. जावेद अहमद के दिशानिर्देश में संपन्न हुआ। असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विवेक श्रीवास्तव एवं डॉ. शुभम गुप्ता की देखरेख में ओपीडी आने वाले मरीजों की बीएमडी मशीन से हड्डियों की जांच की गई।जांच के दौरान ऑस्टियोपोरोसिस (हड्डियों की कमजोरी) से संबंधित जोखिमों जैसे समय से पहले हड्डी टूटना, दबना या पिचकने की संभावना का आकलन किया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि समय पर जांच और उचित उपचार से इन समस्याओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।शिविर में मुख्य रूप से 30 वर्ष से अधिक आयु के महिला एवं पुरुष मरीज शामिल हुए। इस अवसर पर असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दीपक मौर्य, डॉ. राकेश, डॉ. शकील, डॉ. धर्मेंद्र, रामपाल सहित विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।शिविर की पूर्व तैयारी, पंजीकरण, मरीजों का मार्गदर्शन और समुचित व्यवस्थाओं का संचालन अस्पताल प्रशासन की डॉ. वैष्णवी आनंद ने किया। उनके कुशल समन्वय से सभी प्रतिभागियों को सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव ने कैंप के सफल आयोजन पर डॉ. शुभम गुप्ता एवं उनकी पूरी टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि मरीजों के स्वास्थ्य हित में भविष्य में भी ऐसे जांच एवं जागरूकता शिविरों का निरंतर आयोजन किया जाएगा।यह कैंप हड्डी स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समय पर रोग की पहचान में महत्वपूर्ण साबित हुआ।
