आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर/लखनऊ। दिल्ली में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी कर रही जौनपुर की एक युवती ने लखनऊ में अपने साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर दिल्ली के आनंद विहार थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई, जिसे बाद में लखनऊ पुलिस को स्थानांतरित कर दिया गया। मामले में जौनपुर के जलालपुर क्षेत्र निवासी एक युवक समेत कई लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर जांच तेज कर दी है।
पुलिस को दिए गए बयान में युवती ने बताया कि वह 15 मई को जौनपुर से सुहेलदेव एक्सप्रेस ट्रेन द्वारा दिल्ली लौट रही थी। उसे उसके पिता ने जाफराबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में बैठाया था। यात्रा के दौरान उसने अपने एक परिचित युवक से व्हाट्सएप पर संपर्क किया। आरोप है कि युवक अपने एक साथी के साथ लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंचा और बातचीत के दौरान उसे ट्रेन से उतरने के लिए राजी कर लिया।
पीड़िता के अनुसार, इसके बाद उसे लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में स्थित एक कमरे पर ले जाया गया। वहां उसे कॉफी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, जिससे वह बेहोश हो गई। होश आने पर उसे अपने साथ दुष्कर्म किए जाने की जानकारी हुई।
युवती ने आगे आरोप लगाया कि अगले दिन आरोपी का एक अन्य साथी भी वहां पहुंचा और उसने भी जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के मुताबिक, बाद में एक तीसरा युवक भी कमरे पर आया, जिसके बाद तीनों आरोपियों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद किसी तरह दिल्ली पहुंची युवती ने पुलिस से संपर्क कर पूरी आपबीती बताई। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता के आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को एकत्र किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना में जुटी है। जांच और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चूंकि मामला अभी जांच के अधीन है, इसलिए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
.jpeg)