आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। शहर के दीवानी तिराहे पर स्थापित भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के साथ सोमवार सुबह छेड़छाड़ की घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। प्रतिमा पर खाकी टोपी पहनाने और गले में भगवा गमछा डालने की जानकारी मिलते ही लोगों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में नागरिक मौके पर पहुंचकर विरोध जताने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। सिटी मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी नगर तथा भारी पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने प्रतिमा से टोपी और गमछा हटवाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद माहौल सामान्य हुआ।
स्थानीय लोगों ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह पहली बार नहीं है जब डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा को निशाना बनाया गया हो। इससे पहले भी अराजक तत्वों द्वारा प्रतिमा पर कालिख पोतने की घटना सामने आ चुकी है, जिससे जनाक्रोश फैल गया था। उस समय तत्कालीन जिलाधिकारी दिनेश चंद्र सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे थे और प्रतिमा की सफाई कराकर लोगों को आश्वस्त किया था।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को लेकर सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों में रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को और अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है।
क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) ने बताया कि तिराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई है, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां कैद हुई हैं। उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
