कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।सांसद अंबेडकरनगर लालजी वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विधायक कटेहरी धर्मराज निषाद, विधायक अकबरपुर राम अचल राजभर, विधायक आलापुर त्रिभुवन दत्त, विधायक टांडा राम मूर्ति वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा, जिलाधिकारी ईशा प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु सहित समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के प्रारम्भ में जिला विकास अधिकारी द्वारा पिछली दिशा बैठक की अनुपालन आख्या समिति के समक्ष प्रस्तुत की गई। इसके उपरांत माननीय सांसद महोदय द्वारा ग्राम्य विकास, समाज कल्याण, कृषि, राजस्व, पंचायती राज, नगर विकास, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, महिला कल्याण, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, बेसिक शिक्षा, खनन, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, लघु एवं मध्यम उद्यम, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा श्रम विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार एवं योजनावार गहन समीक्षा की गई।
बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी), राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, एकीकृत बाल विकास योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन तथा सर्व शिक्षा अभियान/मध्याह्न भोजन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
सांसद ने निर्देशित किया कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों एवं समिति सदस्यों से प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जल जीवन मिशन के अंतर्गत “हर घर जल” योजना की समीक्षा करते हुए पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त मार्गों के गुणवत्तापूर्ण रेस्टोरेशन कार्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने 80 प्रतिशत से अधिक प्रगति वाली परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराकर जलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा रोड रेस्टोरेशन कार्य को शत-प्रतिशत गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य निर्माणाधीन परियोजनाओं को भी निर्धारित समयावधि में पूरा करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। सिंचाई विभाग की समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता को नहरों एवं माइनरों की सफाई समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने तथा किसानों की सिंचाई आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए समय से पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में “टीवी मुक्त भारत अभियान” को प्रभावी ढंग से संचालित करने एवं आमजन को जागरूक करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही समस्त चिकित्सालयों में आने वाले मरीजों एवं उनके तीमारदारों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने तथा बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने समस्त जनप्रतिनिधियों एवं समिति सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक में प्राप्त समस्याओं एवं सुझावों पर त्वरित एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में विकास कार्यों की गति निरंतर बनाए रखें तथा किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए।
बैठक में ब्लॉक प्रमुख टांडा, ब्लॉक प्रमुख बसखारी, प्रशिक्षु आईएएस थनीगईयरसन टी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डीसी मनरेगा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
