कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर । महरुआ थाना क्षेत्र के सेहरा जलालपुर गांव में सोमवार सुबह खड़ंजा मार्ग के किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह साढ़े छः बजे पीआरवी को सूचना मिली कि सेहरा जलालपुर गांव के खड़ंजा मार्ग के किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर महरुआ थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर मृतक की पहचान अजय कुमार पुत्र स्वर्गीय राम बिभोर के रूप में हुई जो सेहरा जलालपुर गांव का निवासी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में पुलिस परिजनों से तहरीर लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
क्षेत्राधिकारी भीटी लक्ष्मीकांत मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच कराई जा रही है।
