देवल संवाददाता, मऊ।जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कानून व्यवस्था की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की सुरक्षा व्यवस्था,अपराध नियंत्रण,यातायात प्रबंधन तथा लंबित मामलों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी एवं गश्त सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि विद्यालयों के आसपास हो रही घटनाओं के दृष्टिगत एंटी रोमियो टीमों का गठन कर सक्रियता सुनिश्चित करें। जिससे घटनाओं पर प्रतिबंध लगाया जा सके।
बैठक के दौरान महिलाओं की सुरक्षा,अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई तथा त्योहारों एवं सार्वजनिक आयोजनों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने गुंडा एक्ट के प्रकरणों में विवेचना ठीक ढंग से करने के निर्देश संबंधित क्षेत्राधिकारियों एवं थानाध्यक्षों के दिए।बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी दिनेश मिश्र,अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार,समस्त उपजिलाधिकारी,समस्त क्षेत्राधिकारी एवं समस्त थानाध्यक्ष एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
.jpeg)