आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर के मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के बासापुर गांव के पास बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में होमगार्ड जवान अनिल दुबे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि मृतक होमगार्ड अनिल दुबे नेवढ़िया थाने में ड्यूटी करने जा रहे थे। इसी दौरान बासापुर गांव के समीप सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने होमगार्ड अनिल दुबे को मृत घोषित कर दिया। वहीं दोनों घायल युवकों की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
