आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक ने जानकारी दी कि पुलिस भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून को जिले के 21 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित कराई जाएगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी। प्रत्येक पाली में 9,216 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा की निगरानी और सुचारु संचालन के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्था की गई है। इसके तहत 21 केंद्र व्यवस्थापक, 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 10 आरक्षित सेक्टर मजिस्ट्रेट, 21 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा सात आरक्षित स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। सभी अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों के प्रति सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और सख्ती के साथ संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, पेयजल, शौचालय, बिजली, पार्किंग और यातायात प्रबंधन की सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाएं। साथ ही विद्युत विभाग को परीक्षा अवधि के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला प्रशासन जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य करेगा। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) परमानंद झा, वरिष्ठ कोषाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
