भारतीय क्रिकेट टीम श्रीलंका का दौरा करेगी और टेस्ट सीरीज खेलेगी। हालांकि, इस टेस्ट सीरीज की तारीखों का अभी खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक ये सीरीज अगस्त महीने के दूसरे हाफ में खेली जाएगी।
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने इस सीरीज के लिए दो सप्ताह की विंडो निकाली है। ये सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा होगी।
आजादी के दिन से हो सकती है शुरुआत
क्रिकबज ने अपनी रिपोर्ट में एसएलसी और बीसीसीआई के सूत्रों के हवाले से लिखा है कि ये सीरीज 15 अगस्त से 27 अगस्त के बीच खेली जाएगी। वहीं इस दौरे पर तीन मैचों की टी20 सीरीज भी खेली जानी थी, लेकिन इसे लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है।
दो टेस्ट मैचों की सीरीज लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) के बाद खेली जाएगी जिसका समापन नौ अगस्त को होगा। टेस्ट सीरीज की समय सीमा को लेकर सीरीज से जुड़े सभी हितधारकों को बता दिया गया है।
बीसीसीआई सचिव ने किया था दौरा
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने हाल ही में श्रीलंका का दौरा किया था। वह आईसीसी के उस प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे जो राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके द्वारा भंग किए श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के बाद वहां की स्थिति की समीक्षा करने वहां गया था। इसके बाद सरकार ने अंतरिम समिति का गठन किया था जो क्रिकेट बोर्ड का कामकाज देख रही है।
