देवल, ब्यूरो चीफ,शक्तिनगर, सोनभद्र। खड़िया चौराहा से कोटा बस्ती तक जाने वाला प्रमुख मार्ग इन दिनों अत्यंत जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है। सड़क जगह-जगह बड़े-बड़े गड्डों में तब्दील हो गई है, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से राहगीरों के लिए खतरा और बढ़ गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह मार्ग क्षेत्र का मुख्य आवागमन रास्ता है, जहां से प्रतिदिन भारी वाहनों, विशेषकर कोयला लदे ट्रकों का आवागमन होता है। ओवरलोड वाहनों के दबाव और समय पर मरम्मत न होने के कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। बारिश के कारण गड्डों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। बाइक सवार और छोटे वाहन चालक आए दिन फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस मार्ग पर खनन क्षेत्र से जुड़े भारी ट्रकों की लंबी कतारें आम बात हैं, जिससे सड़क पर लगातार दबाव बना रहता है और स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है। आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद संबंधित विभाग द्वारा अब तक कोई
ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों और व्यापारियों में इसको लेकर आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए और ओवरलोड वाहनों पर नियंत्रण किया जाए, ताकि संभावित हादसों को रोका जा सके।
.jpg)