देवल, ब्यूरो चीफ,शक्तिनगर, सोनभद्र। सोमवार रात करीब 9 बजे खड़िया पेट्रोल पंप के पास वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। जाम में खड़ी थार गाड़ी को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एनसीएल बीना कॉलोनी निवासी इंद्रजीत सिंह अपने परिवार के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। खड़िया पेट्रोल पंप के पास ट्रकों की लंबी कतार के कारण जाम लगा हुआ था, जिससे उनकी थार सड़क पर खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने नियंत्रण खो दिया और थार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि थार आगे खड़ी एक अन्य गाड़ी से भी जा भिड़ी, जिससे उसे आगे और पीछे दोनों तरफ से भारी नुकसान हुआ। हालांकि गनीमत रही कि वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बीना पुलिस चौकी प्रभारी अजय श्रीवास्तव टीम के साथ पहुंचे और जाम हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने ट्रक और चालक के संबंध में जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खड़िया पेट्रोल पंप के आसपास अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है और भारी वाहनों की लापरवाही के कारण हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़ करने और ओवरस्पीड वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की मांग की है।
.jpg)