देवल, ब्यूरो चीफ,बीना, सोनभद्र। पश्चिम बंगाल समेत देश के विभिन्न राज्यों में चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बेहतर प्रदर्शन के बाद शक्तिनगर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने सड़कों पर उतरकर जीत का जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। जैसे ही टीवी और सोशल मीडिया के माध्यम से भाजपा की बढ़त और जीत की खबरें सामने आईं, क्षेत्र के विभिन्न चौराहों पर कार्यकर्ता एकत्रित होने लगे। इस दौरान जय श्री राम और भारत माता की जय के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया, जिससे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया। जश्न के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राहगीरों व दुकानदारों को मिठाई बांटकर जीत की खुशी साझा की। पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने इस जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और जनता के विश्वास का परिणाम बताया। स्थानीय कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह जीत विकास और राष्ट्रवाद की जीत है, जो आने वाले समय में संगठन को और मजबूत करेगी। कार्यक्रम में स्थानीय भाजपा इकाई के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा समर्थक मौजूद रहे। जश्न देर शाम तक चलता रहा।
.jpg)