देवल, ब्यूरो चीफ,ओबरा, सोनभद्र। ओबरा तहसील अंतर्गत गजराज नगर से डाला जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। रेलवे क्रॉसिंग के पास निर्माणाधीन नाली कार्य में लापरवाही और सड़क पर छोड़े गए मलबे के कारण राहगीरों का सफर जोखिम भरा हो
गया है। बरसात के बाद जलभराव की समस्या ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है, जिससे यह मार्ग दुर्घटनाओं का केंद्र बनता जा रहा है।
जानकारी के अनुसार इस सड़क के विशेष मरम्मत कार्य के लिए 15 नवंबर 2025 को मुख्यमंत्री स्तर से 493 लाख रुपए की धनराशि स्वीकृत की गई थी। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर कार्य की धीमी प्रगति और निर्माण में अनियमितताओं से लोगों में नाराजगी बढ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से रोजाना स्कूली बच्चे, कामकाजी लोग और भारी वाहन गुजरते हैं। रेलवे क्रॉसिंग के पास जमा मलबा और पानी के कारण बड़े वाहनों के फंसने और छोटे वाहनों के पलटने का खतरा बना रहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। क्षेत्रीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सड़क की मरम्मत, जलभराव की समस्या के समाधान और निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।
.jpeg)