देवल संवाददाता, मऊ।भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा किसानों की आय में वृद्धि किए जाने हेतु विभिन्न योजनाओं से लाभ देने तथा जमीनी स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम कराए जा रहे हैं।इसी कड़ी में वाणिज्य मंत्रालय, भारत सरकार की संस्था कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के माध्यम से तथा उद्यान विभाग के सहयोग से जनपद मऊ के एपीडा से निर्यात लाइसेंस प्राप्त,फतेहपुर मंडाव ग्रीन वेजिटेबल प्रोड्यूसर कृषक उत्पादक संगठन के तिघरा ग्राम स्थित परिसर पर निर्यात जागरूकता कृषक गोष्ठी गुरुवार को आयोजित की गई।गोष्ठी में एपीडा के वाराणसी कार्यालय के प्रतिनिधि शुभम सिंह द्वारा भारत सरकार द्वारा फल, सब्जियां, प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद, अनाज,मछली सहित कृषि से जुड़े सभी उत्पादों के निर्यात पर दी जा रही सुविधाओं को विस्तार से बताया गया।उनके द्वारा बताया गया कि निकटवर्ती जनपद वाराणसी से निर्यात सुविधाओं का विकास किए जाने से एयर कार्गो का शिपमेंट कई देशों के लिए नियमित रूप से हो रहा है तथा रेल परिवहन से भी मुंबई और कोलकाता जैसे जगह पर जल मार्ग से निर्यात हेतु फल,सागभाजी ,अनाज परिवहन की सुविधा प्रदान कराई जा रही है, विशेष कर दक्षिण पूर्व एशिया और खाड़ी देशों के लिए उन्होंने निर्यात की सहूलियतों के बारे में जानकारी देते हुए कृषक उत्पादक संगठन के जुड़े सभी किसानों से इससे जुड़ने और अपने उपज को स्थानीय बाजार की अपेक्षा निर्यात के माध्यम से अधिक मूल्य प्राप्त करने का आवाहन किया गया। जिला उद्यान अधिकारी संदीप कुमार गुप्त के अनुसार जनपद में दो कृषक उत्पादक संगठनों को एपीडा,वाणिज्य मंत्रालय से निर्यात का लाइसेंस प्रदान कराया गया है तथा शासन और जिलाधिकारी मऊ के निर्देशों के क्रम में कृषक चौपाल और गोष्ठियों के माध्यम से कृषकों को जागरूकता कराई जा रही है। जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि इसी कृषक उत्पादक संगठन के माध्यम से जनपद के मशहूर गोठा भेली को जी.आई.पंजीकरण प्रदान करने हेतु आवेदन कराया गया था जिसमें लखनऊ में विगत माह जी.आई. परिषद की हियरिंग भी पूर्ण हो चुकी है तथा शीघ्र ही गोठा भेली को जी.आई.टैग प्राप्त हो जाने की उम्मीद है। उद्यान निरीक्षक अरुण कुमार यादव द्वारा किसानों को उद्यान विभाग से गुणवत्ता युक्त शाकभाजी एवं फल उत्पादन,खाद्य प्रसंस्करण कार्य तथा वैश्विक मांग वाली प्रजातियों के खेती के संबंध में विभाग द्वारा संचालित योजनाओं से जुड़ते हुए खेती में राज्य सहायता लेने के बारे में जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में फतेहपुर मंडाव ग्रीन वेजिटेबल प्रोड्यूसर कंपनी के निदेशक विभव सिंह,अध्यक्ष संगीता सिंह,सीईओ कुंवर अतुल सिंह, सहित तिघरा,गजियापुर के प्रगतिशील किसान रविशंकर मिश्रा, त्रिलोकी सिंह,प्रभाकर सिंह, द्वारिका यादव सहित काफी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
