देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। भाजपा महिला मोर्चा की महिलाओं ने बुधवार को जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा पुष्पा सिंह के नेतृत्व में चुर्क मुसही स्थित सांसद आवास का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। महिलाओं ने सांसद पर महिला आरक्षण बिल का विरोध करने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
नारी शक्ति वंदन महिला आक्रोश कार्यक्रम के तहत बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्रित होकर धरने पर बैठीं। इसके बाद मुसही बाजार में पैदल मार्च निकालते हुए सांसद छोटेलाल खरवार के आवास का घेराव किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संसद में लाए गए महिला आरक्षण बिल का विरोध कर महिलाओं का अपमान किया गया है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला महामंत्री शारदा खरवार ने कहा कि नारीशक्ति ने ठाना है, 33 प्रतिशत आरक्षण लेकर रहेंगे। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने वाले विपक्षी सांसदों के खिलाफ महिलाओं में भारी आक्रोश है। जिला उपाध्यक्ष किसान मोर्चा मीनू चौबे एवं जिला महामंत्री गुड़िया त्रिपाठी ने कहा कि महिला आरक्षण का लाभ जनपद की महिलाओं समेत सभी वर्गों की महिलाओं को मिलता, लेकिन सांसद द्वारा इसका विरोध किया गया, जिसकी महिलाएं निंदा करती हैं। कार्यक्रम के लोकसभा संयोजक अजीत रावत रहे। इस दौरान सभासद ममता गुप्ता, रीतु अग्रहरी, वंदना चौबे, अंजना सिंह, किरन सिंह, सविता सिंह, संध्या पाण्डेय, माया देवी, अनिता देवी, सुनिता पटेल, राधिका भारती, आशा भारती, रम्भा देवी, जगवंती देवी, राधा सिंह, अनिता यादव, सुनिता भारती सहित सैकड़ों महिलाएं मौजूद रहीं।
.jpg)