देवल संवाददाता, मऊ।जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड आधारित विकास कार्यों एवं विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।समीक्षा के दौरान अतिरिक्त ऊर्जा विभाग की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में सी,चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की जननी सुरक्षा योजना में डी,जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल में बी, फैमिली आईडी में बी,फेज-2 व्यक्तिगत शौचालय निर्माण में सी, आईसीडीएस पोषण अभियान में सी तथा माध्यमिक शिक्षा के प्रोजेक्ट अलंकार में बी ग्रेड पाई गई।अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं में ए ग्रेड की प्रगति पाई गई।समीक्षा में कुछ विभागों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सुधारात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने ऐसे समस्त विभागों की संचालित योजनाओं में जिनमें ए ग्रेड नहीं है,उन्हें अगले माह तक ए ग्रेड लाना सुनिश्चित करने हेतु विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत बैंक स्तर पर लंबित समस्त आवेदनों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत बिल सुधार से संबंधित प्रकरणों में समय सीमा बीतने के बाद भी शिकायतें लंबित पाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में फैमिली आईडी की प्रगति में सुधार करते हुए शीघ्र ही ‘ए’ ग्रेड प्राप्त करने हेतु विशेष प्रयास करने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए। साथ ही विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों तक योजना का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने एवं प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग को पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का नियमानुसार यथाशीघ्र हैंडओवर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने निरीक्षण संबंधी कार्यवाही निर्धारित समयसीमा के अंतर्गत 20 मई से पूर्व ही पूर्ण करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में सी ग्रेड पाए जाने पर अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा बैंकों से इस योजना के तहत प्राप्त आवेदनों की स्वीकृति करने के निर्देश दिए।वहीं लोक निर्माण विभाग को नई सड़कों के निर्माण कार्यों की प्रगति में तेजी लाते हुए कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए।बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित की जाए तथा सभी अधिकारी अपने विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा कर अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने समस्त अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जिन विभागों की प्रगति ठीक ना होने के कारण प्रदेश स्तर पर जारी रैंकिंग में अगर जनपद की रैंकिंग खराब होती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव,जिला विकास अधिकारी उमेश चंद तिवारी सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
