देवल, ब्यूरो चीफ,बीना, सोनभद्र। अनपरा थाना क्षेत्र के सोनवानी गांव में गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में साले की शादी में आए एक दामाद की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के नौगढ़ निवासी सिकंदर सिंह अपने ससुराल सोनवानी गांव में साले की शादी समारोह में शामिल होने आए थे। गुरुवार को घर में बहुभोज कार्यक्रम आयोजित था। बहुभोज के लिए सामान लेने सिकंदर सिंह गांव के ही दो अन्य लोगों के साथ बाइक से डिबुलगंज बाजार जा रहे थे। बताया जा रहा है कि सोनवानी स्थित ईंट भट्ठा के समीप तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों और राहगीरों की सहायता से घायलों को तत्काल संयुक्त चिकित्सालय डिबुलगंज पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान सिकंदर सिंह की मौत हो गई, जबकि अन्य दो घायलों का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही प्रीतिभोज समारोह की खुशियां मातम में बदल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
.jpg)