देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने शुक्रवार को कनहर सिंचाई परियोजना क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर परियोजना से जुड़े लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने भूमि संबंधी मामलों, मुआवजा वितरण, दाखिल-खारिज, पेड़ कटान, विद्युत समस्याओं एवं माइनर नहरों की खुदाई कार्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं। वन विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि मेन कैनाल क्षेत्र में आने वाले पेड़ों की कटान का कार्य जून माह तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके लिए छह डिवीजन स्तरीय टीमों का गठन कर गांववार कार्य योजना तैयार की गई है। वहीं, विद्युत विभाग ने परियोजना क्षेत्र में विद्युत लाइनों एवं तकनीकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी दुद्धी निखिल यादव एवं उप जिलाधिकारी ओबरा विवेक कुमार सिंह को निर्देश देते हुए कहा कि डूब क्षेत्र की लंबित दाखिल-खारिज की कार्यवाही प्रतिदिन कराकर शीघ्र पूरी कराई जाए। उन्होंने कहा कि जिन प्रभावित परिवारों को अभी तक मुआवजा नहीं मिला है, उनके मामलों में वरासत एवं दाखिल-खारिज की प्रक्रिया तेजी से पूरी कर मुआवजा वितरण सुनिश्चित किया जाए। समीक्षा बैठक के दौरान केसीडी प्रथम के अधिशासी अभियंता वीर बहादुर सिंह द्वारा कार्य प्रगति की स्पष्ट जानकारी प्रस्तुत न किए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि परियोजना कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। माइनर खुदाई कार्य करा रहे ठेकेदार को भी जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निरीक्षण में कार्य प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई तो संबंधित ठेकेदार पर कड़ी पेनाल्टी लगाई जाएगी। जिलाधिकारी ने कनहर परियोजना अधिकारी को निर्देशित किया कि भूमि संबंधी सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाए तथा विस्थापित परिवारों का सर्वे कराकर उन्हें आवास उपलब्ध कराने की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए।
.jpg)