देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। शुक्रवार को सोनभद्र विकास मंच के बैनर तले जनहित से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर सीएमओ कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया गया। मंच के अध्यक्ष ज्ञानेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित इस धरने में मंच पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया।
धरने के दौरान पुराने चिकित्सालय में 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं बहाल करने, जिला मेडिकल कॉलेज में रिक्त पदों को भरने, डाकघर का नाम सोनभद्र करने, विभिन्न विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार की सीबीआई जांच कराने, राजकीय महिला महाविद्यालय में व्यवसायिक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम बढ़ाने तथा हावड़ा-सूरत-मुंबई ट्रेन चलाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। मंच अध्यक्ष ज्ञानेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव ने कहा कि भ्रष्टाचार और माफियाओं के खिलाफ आवाज उठाने के कारण उनके साथ असंवैधानिक व्यवहार किया गया और उनकी पत्रकारिता मान्यता के नवीनीकरण में बाधा डाली गई। उन्होंने कहा कि तमाम कठिनाइयों के बावजूद मंच जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगा। मंच के महामंत्री शिव प्रसाद यादव ने जिले में प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन पर चिंता जताते हुए कहा कि बढ़ते प्रदूषण से लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है, जिस पर तत्काल रोक लगनी चाहिए। धरने के दौरान अधिकारियों के साथ हुई वार्ता में मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि पुराना चिकित्सालय मेडिकल कॉलेज से वापस लेकर उसकी मरम्मत के लिए एनसीएल से लगभग 4.45 लाख रुपए का प्रस्ताव भेजा गया है, जिसके बाद अस्पताल का संचालन शुरू किया जाएगा। वहीं पोस्ट मास्टर ने डाकघर के नाम परिवर्तन के संबंध में प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेजे जाने की जानकारी दी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद सोनभद्र विकास मंच ने धरना स्थगित कर दिया। धरने में मंच के उपाध्यक्ष रामभवन पटेल, संगठन मंत्री रमेश प्रसाद मौर्य, प्रवक्ता शिव पूजन दुबे, युवा मंच अध्यक्ष प्रांजल श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष अनुपम दुबे, युवा महामंत्री शाद अंसारी सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
.jpeg)