देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। चोपन व जुगैल क्षेत्र के गेंहू कय केन्द्रों का शुक्रवार को सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक देवेंद्र कुमार सिंह ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान एडीसीओ ओबरा अवधेश सिंह तथा एडीसीओ घोरावल डाक्टर सुरेश भी उपस्थित रहे।
चोपन बीपैक्स पर 37 किसानों से 1431 कुंटल गेहूं की खरीद होना पाया गया। मौके पर किसान निधि लाल के 80 कुंटल गेंहू की तौल होता मिला। केन्द्र प्रभारी रामअनंत ने बताया कि अभी केवल 245 कुंटल की डिलीवरी हुई है। वहीं, टोकन रजिस्टर में केवल 48 किसानों का नाम देखकर सहायक आयुक्त ने केन्द्र प्रभारी को चेतावनी देते हुए निर्देशित किया कि अधिक से अधिक किसानो से संपर्क करके टोकन रजिस्टर में नाम दर्ज कराया जाए। कहा कि एक किसान से एक बार से अधिक गेंहू खरीदने के बजाए अधिक से अधिक किसानों से नियमानुसार गेंहू खरीद करें। जुगैल में 30 किसानों से 1785 कुंटल खरीद हुई पाई गई। केन्द्र प्रभारी उमाशंकर यादव ने बताया कि अभी डिलीवरी शून्य है। सहायक आयुक्त ने जिलाप्रबंधक पीसीएफ को तत्काल इन केन्द्रों से डिलीवरी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। समिति से रबी अभियान में पांच सौ से अधिक किसानों को उर्वरक से लाभान्वित किया गया है। इसके सापेक्ष टोकन रजिस्टर में सिर्फ 34 किसानों के नाम देखकर सहायक आयुक्त ने नाराजगी जाहिर करते हुए निर्देशित किया कि क्षेत्र भ्रमण करके अधिक से अधिक किसानों का टोकन लगाया जाए और खरीद में तेजी लायी जाए। सहायक आयुक्त ने यह भी कहा कि खरीद में शिथिलता बरतने वाले केन्द्र प्रभारियों को प्रभार से हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सहायक आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान केंद्र पर उपस्थित किसानों से फार्मर रजिस्ट्री के बारे में चर्चा करते हुए उन्हे फार्मर रजिस्ट्री के लिए प्रोत्साहित किया।
.jpeg)