देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। गत दिनों जनपद में आई तेज आंधी-तूफान की चपेट में आकर अपनी जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से शुक्रवार को राज्यमंत्री ने मुलाकात कर उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। सदर विधायक भूपेश चौबे, जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के साथ मृतका कमलावती, रामविलास एवं महेंद्र के घर पहुंच कर राज्यमंत्री ने परिजनों से मुलाकात की और गहरी शोक संवेदना व्यक्त किया। इस दौरान अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए शासन की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
राज्य मंत्री संजीव कुमार गोड़ ने कहा कि प्राकृतिक आपदा में जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके साथ शासन पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि राहत आयुक्त कार्यालय के माध्यम से मृतकों के परिजनों के बैंक खातों में तत्काल प्रभाव से चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता 24 घंटे
के भीतर भेजने की कार्रवाई जिला प्रशासन द्वारा सुनिश्चित कराई गई है। साथ ही शासन द्वारा निर्धारित अन्य सभी सुविधाओं एवं योजनाओं का लाभ भी पीड़ित परिवारों को उपलब्ध कराया जाएगा। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रभावित परिवारों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन लगातार आपदा प्रभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए है और हर आवश्यक कदम उठाया जा रहा है। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर अश्विनी कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
.jpeg)