देवल संवाददाता,बलिया जिले में संचालित प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को अब पोस्टपेड मोड में बदला जाएगा। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं, जिसके तहत वर्तमान में कार्यरत सभी स्मार्ट मीटर तत्काल प्रभाव से पोस्टपेड प्रणाली में परिवर्तित हो जाएंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह परिवर्तन मुख्यालय स्तर से बैकएंड प्रक्रिया के माध्यम से स्वतः होगा। उपभोक्ताओं को इसके लिए कोई आवेदन या प्रक्रिया पूरी करने की आवश्यकता नहीं होगी। मई 2026 की विद्युत खपत का बिल जून 2026 में पोस्टपेड प्रणाली के अंतर्गत जारी किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, अब सभी नए बिजली कनेक्शन भी पोस्टपेड मोड में ही जारी किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पोस्टपेड से प्रीपेड मोड में परिवर्तन के दौरान उपभोक्ताओं की जमा सुरक्षा धनराशि, जो पूर्व में बिलों में समायोजित की गई थी, उसकी वसूली जुलाई, अगस्त, सितंबर और अक्टूबर 2026 के मासिक बिलों में समान किस्तों में जोड़कर की जाएगी।
यह वसूली प्रक्रिया भी मुख्यालय स्तर से बैकएंड के माध्यम से स्वतः पूरी की जाएगी। इस नई व्यवस्था से उपभोक्ताओं को बिल भुगतान में सुविधा मिलेगी और बिजली बिलिंग प्रणाली अधिक सुव्यवस्थित तथा पारदर्शी बनेगी।
