आमिर, देवल ब्यूरो ,जाफराबाद ।जौनपुर सरकार जहां आम नागरिकों को रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने का दावा कर रही है, वहीं जनपद में भारत गैस की आशीर्वाद गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उपभोक्ताओं ने एजेंसी मालिक और डिलीवरी कर्मियों की मिलीभगत से गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में अनियमितता और कालाबाजारी के आरोप लगाए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जफराबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला नासही निवासी एक उपभोक्ता ने 11 अप्रैल को घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग कराई थी, लेकिन 20 दिन बीत जाने के बावजूद भी उन्हें सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया गया। जब उपभोक्ता ने डिलीवरी मैन आशीष से संपर्क किया तो पहले उसने बहाने बनाते हुए कहा कि “आज नहीं, कल सिलेंडर देंगे।” इसके बाद दूसरे दिन सिलेंडर उपलब्ध न होने की बात कही गई और तीसरे दिन बताया गया कि “गाड़ी नहीं आई है, इसलिए डिलीवरी नहीं हो पाएगी।”
आरोप है कि जब उपभोक्ता ने कंपनी में शिकायत करने की बात कही, तो डिलीवरी मैन ने कथित रूप से धमकी भरे लहजे में जवाब दिया कि “जो करना है कर लो, कोई कुछ नहीं कर पाएगा।” इस रवैये से उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि डिलीवरी मैन आशीष के पिता भी लंबे समय से एजेंसी में कार्यरत हैं, जिसके चलते उसके खिलाफ शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती। कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि डिलीवरी मैन द्वारा उपभोक्ताओं के लिए आए सिलेंडरों की कालाबाजारी कर उन्हें ऊंचे दामों पर बेचा जाता है, जबकि बुकिंग कराने वाले उपभोक्ता इंतजार करते रह जाते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी इमलो गांव निवासी अहमद राजा और एक पत्रकार आफताब आलम के साथ इसी तरह की समस्या सामने आई थी। हालांकि जब मामला उजागर हुआ, तो तत्काल सिलेंडर उपलब्ध करा दिया गया।
उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि ऑनलाइन बुकिंग और डिलीवरी का निष्पक्ष तरीके से सत्यापन कराया जाए, तो पूरे मामले का खुलासा हो सकता है। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि एजेंसी की कार्यप्रणाली की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को समय पर गैस उपलब्ध हो सके और कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके।
