आमिर, देवल ब्यूरो ,मछलीशहर (जौनपुर)। कोतवाली क्षेत्र के बरहता गांव निवासी तथा बांदा जनपद में तैनात कोतवाल पुरुषोत्तम यादव (54) का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिजनों समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, पुरुषोत्तम यादव पिछले काफी समय से हृदय रोग से पीड़ित थे। उनकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों द्वारा पहले ही उनके शरीर में पेसमेकर लगाया गया था। बीते कुछ दिनों से तबीयत फिर से बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था।
परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। असमय निधन की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और शुभचिंतकों का तांता लग गया।
निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को पैतृक गांव बरहता लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण व परिचित जुटे। इसके बाद पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
पुरुषोत्तम यादव के निधन से न केवल उनके परिवार, बल्कि पुलिस विभाग और क्षेत्र के लोगों को भी गहरा आघात पहुंचा है। लोग उनके सरल स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठा को याद कर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
.jpeg)