आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। आगामी जिला पंचायत एवं विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन ने जौनपुर में अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। बदलापुर पड़ाव स्थित जिला कार्यालय पर शुक्रवार को पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष इमरान बंटी ने की। बैठक में जिला इकाई, विधानसभा अध्यक्षों और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान सक्रिय सदस्यता अभियान, संगठन विस्तार और आगामी चुनावों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष इमरान बंटी ने कहा कि पार्टी पूरे उत्तर प्रदेश में प्रत्येक जनपद में 500 सक्रिय सदस्य बनाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। इसी कड़ी में जौनपुर में भी तेजी से सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि अभियान के पहले ही दिन 51 लोगों ने सक्रिय सदस्यता ग्रहण की, जो पार्टी के लिए उत्साहजनक संकेत है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही 500 सक्रिय सदस्यों का लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा, जिससे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी।
इमरान बंटी ने बताया कि पार्टी प्रदेश की करीब 200 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। जौनपुर जनपद के सदर, शाहगंज, मल्हनी और मछलीशहर सहित कई विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जिला पंचायत चुनाव में भी पार्टी 50 से अधिक सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने की योजना बना रही है। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जा रहा है।
बैठक में जिला महासचिव शाहनेयाज़ अहमद, यासिर खान, जिला सचिव केडी अंसारी, अमलेश राजभर, शहंशाह खान, जिला संयुक्त सचिव जुल्फिकार अली, मजनू राम गौतम, अमिरुद्दीन, माज़ खान, अज़ीम, शाहगंज विधानसभा अध्यक्ष मो. कैश, मल्हनी विधानसभा अध्यक्ष मो. राशिद और जफराबाद विधानसभा अध्यक्ष मुस्ताक हाशमी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
