आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। बक्सा थाना क्षेत्र के हकारीपुर गांव से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां कर्ज और सूदखोरी के दबाव में आकर एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, हकारीपुर निवासी 30 वर्षीय अजीत कुमार गौतम आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। इसी बीच उनकी बेटी की शादी तय हो गई, जिसके चलते उन्होंने गांव के ही एक व्यक्ति, डॉक्टर सुभाष से अलग-अलग समय पर करीब 1 लाख 50 हजार रुपये उधार लिए थे। बताया जा रहा है कि इस रकम पर करीब 10 प्रतिशत ब्याज लगाया गया था, जिसे चुकाने का लगातार दबाव बनाया जा रहा था।
मृतक की पत्नी नगीना के अनुसार, कर्ज और बढ़ते ब्याज के कारण अजीत काफी तनाव में रहने लगे थे। गुरुवार की रात उन्होंने घर में ही नायलॉन की रस्सी के सहारे फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सुबह जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो घर में चीख-पुकार मच गई।
घटना से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक बेहद सरल स्वभाव का व्यक्ति था और परिवार के भरण-पोषण के लिए मेहनत-मजदूरी करता था।
सूचना मिलने पर बक्सा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सूदखोरी के पहलू को भी गंभीरता से खंगाला जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
