आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के शिकारपुर पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम सभा पाल्हामऊ कला में दबंगों के आतंक का मामला सामने आया है। गांव निवासी रमेश चंद पुत्र समर बहादुर यादव के घर पर गुरुवार को कुछ दबंगों ने लाठी-डंडा और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस दौरान घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई और हमलावरों ने दरवाजा तोड़ने का भी प्रयास किया।
हमले के दौरान परिवार के लोग जान बचाकर घर के अंदर छिप गए, लेकिन इसके बावजूद दबंग लगातार तोड़फोड़ करते रहे। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
पीड़ित रमेश चंद ने 30 अप्रैल, गुरुवार को स्थानीय पुलिस चौकी पर लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को एक बार फिर दबंग लाठी-डंडों के साथ पीड़ित के घर पहुंच गए और खुलेआम धमकी देने लगे। आरोपियों में विकास पुत्र विजय बहादुर, तेज बहादुर पुत्र स्व. रामधनी, जितेंद्र पुत्र तेज बहादुर सहित अन्य लोग शामिल बताए जा रहे हैं। दबंगों ने कथित रूप से कहा कि “कितनी भी शिकायत कर लो, पुलिस हमारा कुछ नहीं करेगी, जब तक तुम्हें जान से नहीं मार देंगे, तब तक जेल नहीं जाएंगे।”
लगातार हो रही इस घटना से पीड़ित परिवार भय के साए में जीने को मजबूर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था कायम रह सके।
