आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में “अंशकालिक अनुदेशक सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। गरिमामय वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश सरकार द्वारा अंशकालिक अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाकर ₹17 हजार किए जाने पर खुशी व्यक्त की गई। समारोह के दौरान चयनित अनुदेशकों को प्रतीकात्मक चेक प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षकों और अनुदेशकों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में अंशकालिक अनुदेशकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में उनका योगदान सराहनीय है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने उनका मानदेय बढ़ाकर ₹17 हजार करने का निर्णय लिया है। उन्होंने सभी अनुदेशकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
समारोह में डॉ. आर.के. पटेल एवं रमेश चंद्र मिश्र ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए सरकार के इस निर्णय को शिक्षकों के सम्मान और प्रोत्साहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद उच्च प्राथमिक विद्यालय गुतपुर गेलवा, गुरैनी तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय रामनगर के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह को आकर्षक बना दिया। देशभक्ति, शिक्षा और सामाजिक समरसता पर आधारित कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया और पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
समारोह में बेसिक शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए आकर्षक स्टॉल भी लगाए गए। निपुण भारत मिशन, समग्र शिक्षा अभियान, स्मार्ट क्लास, डिजिटल शिक्षा, छात्रवृत्ति योजना एवं पुस्तक वितरण योजना जैसी पहल की जानकारी स्टॉलों के माध्यम से दी गई। मुख्य अतिथि एवं जनप्रतिनिधियों ने स्टॉलों का अवलोकन कर विभागीय प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर वंदना यादव, ज्योति श्रीवास्तव, सुजीत कुमार, रविन्द्र यादव, नीलेश चतुर्वेदी, दीपक यादव, चन्द्रमणि मौर्य, अमर बहादुर यादव एवं पुष्पा देवी सहित कई अंशकालिक अनुदेशकों को सम्मानित करते हुए बढ़े हुए मानदेय के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए। सम्मानित अनुदेशकों ने प्रदेश सरकार और बेसिक शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था के निर्माण में शिक्षकों और अनुदेशकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है तथा प्रशासन बेहतर शैक्षिक वातावरण तैयार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अनुदेशकों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन बीईओ रमेश पटेल एवं नूपुर श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया।
.jpeg)