आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से दो दिवसीय राज्यस्तरीय “सतीश चंद्र सिंह मेमोरियल वालीबॉल टूर्नामेंट” का शुभारंभ शनिवार को सदर तहसील क्षेत्र के कुद्दूपुर स्थित हनुमान जी मंदिर प्रांगण में हुआ। उद्घाटन मुकाबले के साथ ही पूरे मैदान में खेल का उत्साह देखने को मिला और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन सत्य प्रकाश सिंह ‘माला’, प्रबंधक तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताएं छिपी हुई प्रतिभाओं को आगे लाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल को अनुशासन, टीम भावना तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का प्रतीक बताया।
टूर्नामेंट में वाराणसी, लंभुआ, जौनपुर समेत विभिन्न जनपदों की कुल 11 टीमों ने प्रतिभाग किया। पहले दिन खेले गए मुकाबलों में वाराणसी, लंभुआ, बीनापुर, नवदीप क्लब टीडी कॉलेज और पोटरिया की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अगले चरण में अपनी जगह बनाई। खिलाड़ियों ने दमदार स्मैश, मजबूत ब्लॉक और बेहतरीन सर्विस के जरिए दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता की विजेता टीम को ₹25 हजार तथा उपविजेता टीम को ₹15 हजार नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। टूर्नामेंट को लेकर क्षेत्र के खेल प्रेमियों में खासा उत्साह दिखाई दिया और बड़ी संख्या में दर्शक मैच देखने के लिए मैदान में मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. अरविंद सिंह गैरवाह, रतन सिंह बडेरी, विपुल सिंह तथा सरला माहेश्वरी उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर जिला वालीबॉल संघ के अध्यक्ष अश्वनी सिंह, उपाध्यक्ष रमेश सिंह, विजय सिंह बागी, सचिव योगेन्द्र सिंह, आयोजन अध्यक्ष शुभम सिंह, कोषाध्यक्ष प्रिंस सिंह, शशि भूषण सिंह, हर्ष सिंह सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन आलोक प्रताप सिंह ने किया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर खुशी जताई।
