आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। पड़ोसी जनपद आजमगढ़ के सरायमीर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक को खौलते चावल के भगौने में धक्का देने का मामला सामने आया है। घटना में युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार सरायमीर थाना क्षेत्र के लड़ियावर गांव निवासी वीरेंद्र सोनकर (40) पुत्र लालचंद सोनकर रविवार रात गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। गांव में रमेश गौतम की पुत्री की बारात आई थी, जहां भोजन बनाने की व्यवस्था चल रही थी। बताया जाता है कि वीरेंद्र सोनकर भोजन स्थल के पास खड़े थे, तभी गांव के ही कुछ लोगों से उनकी कहासुनी हो गई।
आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने वीरेंद्र को धक्का देकर खौलते हुए चावल के बड़े भगौने में गिरा दिया। हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन उन्हें पहले घर ले गए, जहां घरेलू उपचार किया गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि घायल वीरेंद्र सोनकर गांव के पूर्व प्रधान भी रह चुके हैं। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
.jpeg)