देवल संवाददाता, आजमगढ़। जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत जफरामऊ गांव स्थित आंवला की बाग के समीप शुक्रवार को साइकिल और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कक्षा तीन का छात्र अंकुश पटेल (8 वर्ष) पुत्र राजाराम पटेल निवासी जफरामऊ गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना में बाइक चालक एवं छात्र के चाचा को भी चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना तेज था कि टक्कर के बाद साइकिल और बाइक दोनों सड़क पर गिर पड़े। अचानक हुई दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तत्काल मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोयलसा पहुंचाया गया।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में घायल छात्र का सही ढंग से इलाज नहीं किया गया। उनका कहना है कि न तो ठीक से दवा-पट्टी की गई और न ही गंभीर हालत को देखते हुए उचित उपचार उपलब्ध कराया गया। आरोप है कि प्राथमिक जांच के बाद अस्पताल कर्मियों ने परिजनों को वापस जाने के लिए कह दिया।
घटना के बाद परिवार वालों में आक्रोश और चिंता का माहौल बना हुआ है। वहीं स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। घायल छात्र की हालत को देखते हुए परिजन बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पताल ले जाने की तैयारी में जुटे रहे।
