आमिर, देवल ब्यूरो ,खेतासराय (जौनपुर)। क्षेत्र में हाल ही में दूल्हे आजाद बिंद की दिनदहाड़े हत्या की सनसनीखेज घटना के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी क्रम में कांग्रेस पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में बडउर गांव पहुंचा और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाते हुए उनके साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया। इस दौरान जौनपुर सदर के पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता नदीम जावेद ने प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से पीड़ित परिवार को 50 हजार रुपये की नगद आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही उन्होंने परिजनों को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने मोबाइल फोन के जरिए नदीम जावेद की पीड़ित परिवार से बात भी कराई।
मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में अपराधियों के मन से कानून का डर समाप्त हो गया है और हालात जंगलराज जैसे बनते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विवाह के लिए जा रहे दूल्हे की सरेआम हत्या सरकार की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती है।
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाया जाए।
इस अवसर पर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में जिला उपाध्यक्ष लाल प्रकाश पाल, सभासद शहनवाज मंजूर, दिनेश तिवारी, जय मंगल यादव, जयप्रकाश मिश्रा, सद्दाम प्रधान, राजकुमार गुप्ता, इकबाल हुसैन, मुहम्मद ताहिर, आदिल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
